मोदी हैं राम और वैष्णव उनके हनुमान, जहां इशारा किया उस जगह को रेल से जोड़ दिया : तापिर गाव

Ads

मोदी हैं राम और वैष्णव उनके हनुमान, जहां इशारा किया उस जगह को रेल से जोड़ दिया : तापिर गाव

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 06:54 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 06:54 PM IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तापिर गाव ने मंगलवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ‘‘जादूगर’’ बताते हुए कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ‘राम’ हैं तो वैष्णव उनके ‘हनुमान’ हैं।’’

लोकसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रेल मंत्रालय संबंधी अनुदान की मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए अरुणाचल पूर्व संसदीय सीट से सदस्य गाव ने कहा कि आज पूर्वोत्तर के हर राज्य में या तो रेलवे कनेक्टिविटी पहुंच चुकी है या पहुंच रही है।

उन्होंने मिजोरम में 48 रेलवे सुरंग और अनेक रेलवे पुल बनाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि ‘‘यह जादूगर का काम है। अश्विनी वैष्णव एक जादूगर हैं।’’

पूर्वोत्तर की जनता की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वैष्णव को धन्यवाद देते हुए तापिर गाव ने कहा, ‘‘अरुणाचल प्रदेश में तो मेरे गृह नगर में, मेरे खेत में ही स्टेशन बना दिया। वर्ष के अंत में वह उद्घाटन करने जाएंगे।’’

भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘सही मायने में ‘अष्टलक्ष्मी’ बना रहे हैं तो अश्विनी वैष्णव ही बना रहे हैं। मोदी जी राम हैं तो ये (अश्विनी) हनुमान हैं। जहां इशारा किया उस जगह को रेलवे से जोड़ रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र के आठ प्रदेशों को ‘अष्टलक्ष्मी’ नाम दिया है।

तापिर गाव ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि आने वाले समय में दूसरे देशों के रेल मंत्रालय वैष्णव से पूछेंगे कि रेल सुरंग कैसे बनाई जाती हैं, मिजोरम में कुतुब मीनार से ऊंचा पुल बनाकर वहां रेल मार्ग उन्होंने कैसे पहुंचा दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह रेल मंत्री की रचनात्मकता है कि हर रेलवे स्टेशन को शॉपिंग मॉल जैसा बना दिया।’’

भाषा वैभव सुभाष

सुभाष