राजस्थान में मानसून ने पकड़ा जोर, कई जगह भारी बारिश

राजस्थान में मानसून ने पकड़ा जोर, कई जगह भारी बारिश

राजस्थान में मानसून ने पकड़ा जोर, कई जगह भारी बारिश
Modified Date: July 8, 2026 / 07:37 pm IST
Published Date: July 8, 2026 7:37 pm IST

जयपुर, आठ जुलाई (भाषा) राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून के जोर पकड़ने के बाद कई जगह पर भारी बारिश हुई और राज्य में बारिश का दौर अभी कुछ दिन जारी रहने का अनुमान जताया गया है।

मौसम केंद्र-जयपुर के अनुसार बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम और कहीं कहीं पर भारी बारिश हुई।

केंद्र के मुताबिक सबसे अधिक 10 सेंटीमीटर बारिश रामगंज मंडी (कोटा) में हुई, इसके अलावा डूंगरपुर के निठुवा और चित्तौड़गढ़ की बड़ी सादड़ी में नौ-नौ सेंटीमीटर तथा अलवर के कठूमर और अजमेर में आठ-आठ सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

वहीं बुधवार सुबह से शाम तक उदयपुर के डबोक में 22.9 मिलीमीटर, अलवर में 19.8 मिलीमीटर और प्रतापगढ़ में 5.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

बुधवार को दिन में सीमावर्ती जैसलमेर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गंगानगर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के दक्षिण-पश्चिम भागों में मानसून आगे बढ़ा है और इसके असर से राज्य के कुछ भागों में आगामी दो-तीन दिन मानसून सक्रिय रहने तथा 11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियां कम होने के आसार हैं।

विभाग ने बृहस्पतिवार को कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य के बाकी हिस्सों में भी मध्यम से लेकर तेज बारिश होने की संभावना है।

इसी तरह 10 जुलाई को केवल भरतपुर संभाग व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने तथा शेष अधिकांश भागों में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने का अनुमान है।

इसके अनुसार 11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होगी।

भाषा पृथ्वी जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में