नोएडा की जिला जेल में कैदी उगा रहे सब्जियां, एक साल में 681 क्विंटल से अधिक उपज अन्यत्र भेजी गई

Ads

नोएडा की जिला जेल में कैदी उगा रहे सब्जियां, एक साल में 681 क्विंटल से अधिक उपज अन्यत्र भेजी गई

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 02:33 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 02:33 PM IST

नोएडा, 10 जुलाई (भाषा) गौतमबुद्ध नगर के लुक्सर स्थित जिला कारागार में बंदी सब्जियों की खेती कर आत्मनिर्भरता और पुनर्वास की दिशा में नई मिसाल पेश कर रहे हैं। जेल परिसर में उगाई जा रही ताजा सब्जियों का उपयोग जहां बंदियों के भोजन में किया जा रहा है, वहीं उनकी आपूर्ति प्रदेश के अन्य जिलों की जेलों में भी की जा रही है।

जेल अधीक्षक बृजेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पिछले एक वर्ष में लुक्सर जिला कारागार से 681 क्विंटल 90 किलोग्राम सब्जियां प्रदेश के अन्य जिलों की जेलों को भेजी गई हैं।

उन्होंने बताया कि जेल परिसर में 21.50 एकड़ क्षेत्र में सब्जियों की खेती की जा रही है और वर्तमान में 82 बंदी इस कार्य से जुड़े हैं। उनके अनुसार, खेती के माध्यम से बंदियों को श्रम, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का प्रशिक्षण मिल रहा है, जो उनके पुनर्वास के साथ-साथ भविष्य में रोजगार के लिए कौशल विकसित करने में भी सहायक है।

बृजेश कुमार ने बताया कि जेल में आलू, फूलगोभी, पत्तागोभी, पालक, गाजर, मूली, गांठगोभी, लौकी, तोरई, भिंडी, कद्दू, अरबी, टमाटर, शलजम और बैंगन सहित विभिन्न मौसमी सब्जियों की खेती की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रतिदिन करीब चार क्विंटल सब्जियों का उत्पादन हो रहा है। इनमें से ताजी सब्जियों का उपयोग सबसे पहले जेल में बंद कैदियों के भोजन के लिए किया जाता है, जबकि अतिरिक्त उपज अन्य कारागारों की आवश्यकता पूरी करने के लिए भेजी जाती है।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बंदियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें ऐसा व्यावसायिक कौशल प्रदान करना है, जिससे वे रिहाई के बाद रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

भाषा सं नरेश मनीषा

मनीषा