देहरादून (उत्तराखंड), 15 मई (भाषा) देहरादून के राजेंद्र नगर में शुक्रवार को वाहन चेकिंग के दौरान महाराष्ट्र में पंजीकृत एक ‘एसयूवी’ गाड़ी से लगभग 1.55 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त की गयी है । पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि एक सूचना के आधार पर सिरमौर मार्ग पर इस एसयूवी गाड़ी को रोका गया जिसमें पुलिस को बीच वाली और पीछे वाली सीटों के बीच बने एक विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए गुप्त केबिन में नोट छिपाए हुए मिले।
पुलिस ने बताया कि एसयूवी वाहन में तीन लोग सवार थे जिनमें से चालक की पहचान गुजरात के मेहसाणा जिले के सतीश भाई के रूप में हुई जबकि दो अन्य गुजरात के पाटन जिले के ठाकुर जसवंत संघ बनाजी तथा विसनागर के सचिन पटेल हैं।
पुलिस ने बताया कि सतीश भाई वाहन से संबंधित दस्तावेज पेश नहीं कर पाया और इधर-उधर की बातें करने लगा जिसके बाद सख्ती से पूछताछ की गयी तब उसने वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी होने की बात बतायी।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आयकर विभाग को सूचित किया गया । आयकर विभाग के सहायक निदेशक पंकज खत्री के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची और जब्त की गई नकदी की औपचारिक तलाशी और सूची तैयार की।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह नकदी काशी से लायी जा रही थी और इसे वाहन में बैठे जसवंत को दिया जाना था ।
पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक नकदी से संबंधित कोई दस्तावेज या स्रोत के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाया ।
पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए मामला आयकर विभाग को सौंप दिया है ।
भाषा दीप्ति राजकुमार
राजकुमार