नोएडा, 16 मई (भाषा) नोएडा के एक फर्नीचर बाजार में भीषण आग लगने से आठ दुकानें जलकर खाक हो गईं। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि शुक्रवार देर रात थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी फर्नीचर बाजार में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद अलग-अलग केंद्रों से दमकल की करीब 30 गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘आग सबसे पहले एक पॉलिथीन की दुकान में लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग में आठ दुकानें जलकर खाक हो गईं।’’
सीएफओ ने कहा, ‘‘थिनर, पेंट और वार्निश जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई।’’
उन्होंने बताया कि करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
अधिकारी ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं खारी
खारी