काला सागर में ड्रोन हमले में मारे गए मर्चेंट नेवी अधिकारी का पार्थिव शरीर कानपुर लाया गया

Ads

काला सागर में ड्रोन हमले में मारे गए मर्चेंट नेवी अधिकारी का पार्थिव शरीर कानपुर लाया गया

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 09:58 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 09:58 PM IST

कानपुर (उप्र), पांच अगस्त (भाषा) रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान काला सागर में एक वाणिज्यिक पोत पर हुए ड्रोन हमले में मारे गए मर्चेंट नेवी के मुख्य अधिकारी सागर गुप्ता का पार्थिव शरीर इस घटना के 18 दिन बाद बुधवार को उनके गृह नगर कानुपर लाया गया।

हालांकि, शोक संतप्त परिजनों ने सरकार द्वारा मांगें माने जाने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिवार ने गुप्ता को शहीद का दर्जा दिए जाने, पर्याप्त वित्तीय मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि सागर गुप्ता का शव मांगें पूरी किए जाने तक एक डीप फ्रीजर में रखा गया है।

सागर के परिवार में पत्नी शालू गुप्ता, मां रमा देवी और अन्य लोग शामिल हैं।

मृतक के बड़े भाई मनीष गुप्ता ने तिरंगे से शव को ढंकते हुए कहा, ‘‘परिवार ने सरकार से आधिकारिक सम्मान मांगा है, लेकिन हमे कोई आश्वासन नहीं मिला।’’

परिजनों के मुताबिक, गुप्ता ने 18 जुलाई को हमले के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए पोत को खतरे से बाहर निकालने का प्रयास करने से पूर्व चालक दल के आठ सदस्यों को सुरक्षित निकाला। दूसरे ड्रोन हमले में उनकी मृत्यु हो गई।

सागर गुप्ता (37) ने आखिरी बार 17 जुलाई को अपनी पत्नी से बात की थी और परिवार को उनकी मृत्यु की पुष्टि 21 जुलाई को हुई और तब से परिवार शव को भारत भेजे जाने का इंतजार करता रहा।

भाषा सं राजेंद्र शफीक

शफीक