नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में तेज रफ्तार से जा रहे एक ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे उस पर सवार 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद ट्रक ले कर चालक भाग निकला जिसे बाद में पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि सोमवार रात को पश्चिम विहार पूर्व पुलिस थाना क्षेत्र में पंजाबी बाग से पीरागढ़ी चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर सड़क हादसा होने की जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को फोन कॉल पर मिली।
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची जहां पीरागढ़ी कैंप निवासी कृष्ण मोहन को सड़क पर मृत पड़ा था। उन्होंने बताया कि मोहन की मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में घटनास्थल पर मिली।
अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने वाहन के साथ फरार होने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उसने बताया कि आरोपी चालक की पहचान सौरभ कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक ट्रक चालक ने मौके से भागने की कोशिश करने से पहले, मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी, और टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहन की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान खुलासा हुआ कि दुर्घटना के समय मृतक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिवार को सूचित कर दिया है। मामला दर्ज किया जा रहा है और सटीक घटनाक्रम का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा धीरज मनीषा
मनीषा