एमपीएससी प्रश्नपत्र लीक: छत्रपति संभाजीनगर में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

Ads

एमपीएससी प्रश्नपत्र लीक: छत्रपति संभाजीनगर में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 03:34 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 03:34 PM IST

छत्रपति संभाजीनगर, आठ सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में मंगलवार को एमपीएससी के कई अभ्यर्थियों ने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और प्रश्नपत्र लीक का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया एवं हाल में हुई भर्ती परीक्षाओं की उच्च-स्तरीय जांच की मांग की।

प्रदर्शनकारी शहर के क्रांति चौक इलाके में जमा हुए और महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के शीर्ष पदों पर ‘‘बेदाग छवि’’ वाले अधिकारियों की तुरंत नियुक्ति की मांग की।

सोमवार को पुणे में भी ऐसा ही एक मार्च निकाला गया था।

प्रदर्शन कर रहे एक अभ्यर्थी ने कहा, ‘‘एमपीएससी में राज्य खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) आयुक्त तुकाराम मुंढे जैसे कुशल और बेदाग छवि वाले अधिकारी की नियुक्ति होनी चाहिए, तभी छात्रों को न्याय मिलेगा। हम किसान परिवारों से हैं और यहां पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए आए हैं।’’

मुंबई अपराध शाखा मार्च में आयोजित एमपीएससी औषधि निरीक्षक (ग्रुप-बी) प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें परीक्षा में सातवीं रैंक हासिल करने वाली एक महिला अभ्यर्थी भी शामिल है।

इस्तीफे की मांग के बीच एमपीएससी के अध्यक्ष विवेक भीमनवार ने पिछले सप्ताह कहा था कि औषधि निरीक्षक (ग्रुप-बी) परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक की घटना उनके आयोग का कार्यभार संभालने से पहले हुई थी।

एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि अभ्यर्थियों को कोविड-19 महामारी के बाद आयोजित परीक्षाओं को लेकर भी संदेह है और उनकी भी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हमें पता होना चाहिए कि आखिर क्या हो रहा है। मैं चार साल से पढ़ाई कर रहा हूं और परीक्षाएं दे रहा हूं। आज पैसे वाले लोग इसका फायदा उठा रहे हैं।’’

प्रदर्शन में शामिल एक अभ्यर्थी ने कहा कि उनका एमपीएससी से भरोसा खत्म हो गया है। अभ्यर्थी ने दावा किया, ‘‘हमारे साथ धोखा हुआ है। लगातार क्रमांक वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। यह महज संयोग नहीं हो सकता।’’

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश