पटना, आठ सितंबर (भाषा) बिहार में विभिन्न दलित संगठनों ने अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) और पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण की सीमा बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर मंगलवार को पटना में विरोध मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड लांघने की कोशिश की और पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई।
विरोध मार्च गांधी मैदान से शुरू होकर बिहार लोक भवन की ओर बढ़ रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे जेपी गोलंबर के पास रोक दिया।
पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड के पास प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। उन्होंने बैरिकेड को पार करने का प्रयास भी किया। इस दौरान उनकी पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में एससी/एसटी और पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण की सीमा बढ़ाकर 65 प्रतिशत किया जाना, न्यायपालिका और निजी क्षेत्र में एससी/एसटी आरक्षण लागू किया जाना, कॉलेजियम व्यवस्था समाप्त किया जाना तथा आरक्षण संबंधी कानूनों को न्यायिक समीक्षा से संरक्षण देने के लिए संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल किया जाना शामिल है।
भाषा
कैलाश पारुल
पारुल