जम्मू, 10 नवंबर (भाषा) नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान होगा, जिसमें 97,000 से अधिक मतदाता दस उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
इस क्षेत्र में भाजपा, नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
पिछले वर्ष 31 अक्टूबर को पूर्व विधायक देवेन्द्र सिंह राणा के निधन के बाद यह सीट खाली होने से यहां उपचुनाव हो रहा है।
उनकी 30 वर्षीय बेटी देवयानी राणा जनता की सहानुभूति और सद्भावना के बल पर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।
उनका मुकाबला एनसी की 37 वर्षीय उम्मीदवार शमीम बेगम से है। बेगम उर्दू में स्नातकोत्तर हैं और जिला विकास परिषद (डीडीसी) की सदस्य हैं। जेकेएनपीपी उम्मीदवार अध्यक्ष हर्ष देव सिंह वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व शिक्षा मंत्री हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘सुचारू मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। पर्याप्त सुरक्षा उपाय भी सुनिश्चित किए गए हैं।’
उन्होंने बताया कि मतदान कर्मचारियों तथा मजिस्ट्रेट को सभी मतदान केन्द्रों पर तैनात किया गया है।
कुल 97,893 मतदाता 154 मतदान केंद्रों पर वोट डालने के पात्र हैं।
रविवार शाम को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। पिछले एक महीने से कई दलों के नेता इस निर्वाचन क्षेत्र में डेरा डाले हुए थे।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और नेशनल कॉन्फ्रेंस और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में रैलियों को संबोधित किया। भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने भी देवयानी राणा के लिए प्रचार किया।
मतदान से एक दिन पहले मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को विश्वास जताया कि सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस चुनाव जीतेगी।
अब्दुल्ला से पुलवामा के अवंतीपुरा इलाके में एक समारोह से इतर जब संवाददाताओं ने चुनावी उम्मीदों के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ‘हार की उम्मीद से कौन चुनाव लड़ता है? हम जीत की उम्मीद कर रहे हैं।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश