नरेला कारखाना आग: झुलसे किशोर की मृत्यु

Ads

नरेला कारखाना आग: झुलसे किशोर की मृत्यु

  •  
  • Publish Date - November 2, 2022 / 09:27 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:57 PM IST

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) दिल्ली के नरेला इलाके स्थित एक कारखाने में एक दिन पहले लगी आग में झुलसे 17 वर्षीय किशोर की यहां एक अस्पताल में मौत हो गई। आग लगने की इस घटना में दो व्यक्तियों की पहले मौत हो गई थी। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में कारखाने के मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘समीर की यहां एक अस्पताल में मृत्यु हो गई। कारखाने के मालिक एवं पीतमपुरा निवासी साहिल गर्ग (30) को गिरफ्तार कर लिया गया है।’’

नरेला औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार सुबह जूता बनाने वाले एक कारखाने में आग लगने से दो व्यक्तियों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हो गये थे।

अधिकारियों ने बताया था कि मृतकों की पहचान बिहार निवासी सोनू ठाकुर (24) और नरेला निवासी अखिल कुमार (20) के रूप में की गई है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से आठ को राम मनोहर लोहिया अस्पताल और 10 को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया है।

साहिल के पिता कृष्ण गर्ग को मंगलवार को हिरासत में लिया गया था जो संपत्ति का मालिक है।

इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 287, 337, 304 और 34 के तहत एक मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश