वलसाड, 19 अप्रैल (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित नहीं होने पर विपक्ष की रविवार को कड़ी आलोचना की और कहा कि इन पार्टियों ने गरीब महिलाओं को सांसद बनने से रोककर ‘‘पाप’’ किया है।
संघवी स्थानीय निकाय चुनावों के प्रचार अभियान के तहत यहां सेगवा गांव में भाजपा की ‘विकास संकल्प सभा’ को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उन लोगों की पहचान करनी होगी जो महिला विरोधी हैं और जब वे वोट मांगने आएं तो हमें विपक्ष तथा कांग्रेस के उन सदस्यों से सवाल करना होगा जिन्होंने गरीब महिलाओं को संसद सदस्य बनने से रोका।’’
राज्य और केंद्र में भाजपा सरकारों की विकास योजनाओं के बारे में उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में वलसाड में 227 करोड़ रुपये की लागत से सड़कें बनाई गई हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कुछ नहीं किया।’’
बाद में सूरत में संघवी ने आरोप लगाया कि अगर ‘‘सनातन विरोधी’’ कांग्रेस किसी भी वार्ड में जीतती है, तो वह उस क्षेत्र में हिंदू त्योहारों को बाधित करने की कोशिश करेगी।
उन्होंने कहा कि ये लोग नवरात्रि, गणपति आदि जैसे धार्मिक त्योहारों में बाधा डालेंगे, और इसीलिए इन ‘‘सनातन विरोधी’’ लोगों को दक्षिण गुजरात में कोई भी सीट नहीं जीतने देनी है।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश