तिरुवनंतपुरम/नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने उज़्बेकिस्तान में केरल की 21 वर्षीय मेडिकल छात्रा की मौत का मामला खुद अपने हाथ में लिया है और राज्य पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।
एनसीडब्ल्यू ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि उसने हरिपाद निवासी सावरिया बसंत की मौत के बारे में मीडिया में आई खबरों के आधार पर खुद ही मामला दर्ज किया है।
उज़्बेकिस्तान के बुखारा स्टेट मेडिकल इंस्टिट्यूट की छात्रा बसंत की मौत कथित तौर पर मलप्पुरम निवासी एक अन्य छात्र सदरुल अनाम के हमले में हो गई थी।
आयोग ने छात्रा की मौत से पहले मारपीट, उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन की कोशिश के आरोपों पर गंभीर चिंता जताई।
बयान के अनुसार, एनसीडब्ल्यू ने केरल के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले की तेज़ी से जांच, विदेश मंत्रालय और ताशकंद में भारतीय दूतावास के साथ तालमेल, सबूतों को सुरक्षित रखने, उपलब्ध कानूनी और प्रत्यर्पण प्रक्रियाओं की समीक्षा करने एवं पीड़ित परिवार को पूरी मदद देने की मांग की है।
आयोग ने केरल के पुलिस महानिदेशक से सात दिन के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।
इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने छात्रा की मौत पर दुख जताया और मांग की कि मामले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से कराई जाए।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश