इरोड (तमिलनाडु), दो अप्रैल (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बृहस्पतिवार को राजग पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने मौजूदा पश्चिम एशिया संकट के दौरान सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) का ‘गला घोंटा’ है।
इरोड में एक चुनावी रैली में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन के कथित विश्वासघातों को गिनाते हुए स्टालिन ने कहा कि राजग नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) को रद्द करने में नाकाम रहा और संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) लाना जनता के खिलाफ था।
उन्होंने राजग पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘राजग अमेरिकी शुल्क के संबंध में बुनकरों की रक्षा करने में नाकाम रहा और पश्चिम एशिया संकट के दौरान उसने एमएसएमई का गला घोंटा।’’
उन्होंने ई. के. पलानीस्वामी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने ‘अपने करीबी रिश्तेदार (संबंधी) को ठेका दिया’। स्टालिन ने टीटीवी दिनाकरन, अंबुमणि रामदास एवं अन्नाद्रमुक के अन्य नेताओं का सीधे तौर पर नाम लिए बिना उन्हें भ्रष्ट बताया।
उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के ‘डबल इंजन’ के नारे का उपहास उड़ाते हुए इसे ‘डब्बा इंजन’ बताया और कहा कि विधानसभा चुनाव में राजग की करारी हार होगी।
भाषा सुरभि गोला
गोला