नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शुक्रवार को कहा कि वह 21 जून को होने वाली नीट-यूजी 2026 पुन:परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेशपत्र डाउनलोड करने के संबंध में संदेश, ईमेल और व्हॉट्सएप संदेश भेज रही है, और साथ ही छात्रों को धोखाधड़ी वाले संदेशों व फर्जी सूचनाओं से सावधान कर रही है।
मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी परीक्षा इस साल तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के कारण 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) वर्तमान में इस मामले की जांच कर रही है।
एजेंसी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘एनटीए रविवार यानी 21 जून 2026 को होने वाली पुन:परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को अपने प्रवेशपत्र डाउनलोड करने के लिए एसएमएस और ईमेल भेज रहा है।’’
एजेंसी ने सूचित किया कि वैध संदेश आधिकारिक आईडी और ईमेल से आएंगे।
परामर्श में कहा गया, ‘‘एनटीए कभी भी किसी भुगतान की मांग नहीं करेगा, परीक्षा के पेपर, उत्तर कुंजियां, या ‘लीक’ सामग्री नहीं भेजेगा, या किसी लिंक के माध्यम से आपका एडमिट कार्ड साझा नहीं करेगा। यदि आपको ऐसा कोई संदेश मिलता है, तो उस पर क्लिक न करें। इसकी सूचना दें।’’
इसके अतिरिक्त, एनटीए ने कहा कि वह अब पुन:परीक्षा के लिए कोई भी ताजा सूचना व केंद्र संबंधी जानकारी सीधे व्हॉट्सएप के माध्यम से अभ्यर्थियों को भेजेगा।
परामर्श में कहा गया कि उम्मीदवारों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे भेजने वाले के नाम के आगे ‘ब्लू वेरीफाइड टिक’ और ‘नेशनल टेस्टिंग एजेंसी’ नाम देखें; बिना ब्लू टिक वाले अकाउंट से आने वाला कोई भी संदेश एनटीए की ओर से नहीं है, भले ही उसमें उनके नाम का उपयोग किया गया हो।
इसने कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने 21 जून की पुन:परीक्षा के लिए अपने प्रवेशपत्र पहले ही डाउनलोड कर लिए हैं, उन्हें उन्हें दोबारा डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं है।
एजेंसी ने कहा, ‘‘एसएमएस/ईमेल/व्हॉट्सएप संदेश मुख्य रूप से उन छात्रों के लिए हैं जिन्होंने अभी तक अपना नया एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किया है।’’
इसके अलावा, एनटीए ने कहा कि तीन मई की परीक्षा के लिए जारी किए गए प्रवेशपत्र अब वैध नहीं हैं, क्योंकि कई छात्रों को उनके पसंदीदा शहरों में नए परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।
एनटीए ने कहा, ‘‘21 जून का प्रवेशपत्र एक बार डाउनलोड और प्रिंट करना ही काफी है।’
भाषा खारी शोभना
शोभना