जम्मू में ‘कैट’ के नए अदालत परिसर का उद्घाटन, केंद्र ने उच्चतम न्यायालय को सूचित किया

Ads

जम्मू में ‘कैट’ के नए अदालत परिसर का उद्घाटन, केंद्र ने उच्चतम न्यायालय को सूचित किया

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 05:06 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 05:06 PM IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) केंद्र सरकार ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय को सूचित किया कि जम्मू में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) के एक नए कार्यालय-सह-अदालत परिसर का उद्घाटन किया गया है।

‘कैट’ केंद्र सरकार के कर्मचारियों से जुड़े सेवा संबंधी विवादों और मामलों का निपटारा करने वाला एक विशेष प्रशासनिक निकाय है।

केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ को बताया कि केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) की जम्मू पीठ के नए परिसर का रविवार को बहु प्लाजा में उद्घाटन किया गया।

न्यायालय ने इस प्रतिवेदन पर संज्ञान लिया और आंचल शर्मा द्वारा 2020 में दायर उस जनहित याचिका (पीआईएल) को बंद कर दिया, जिसमें उन्होंने जम्मू में कैट पीठ के संचालन के लिए पर्याप्त स्थान और कर्मचारियों की कमी का आरोप लगाया था।

पीठ ने याचिकाकर्ता को यह छूट दी कि यदि भविष्य में कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो वह पुनः अदालत का रुख कर सकती हैं।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कैट की जम्मू पीठ के नए कार्यालय-सह-अदालत परिसर का उद्घाटन किया था और इस सुविधा को सेवा मामलों में त्वरित, किफायती और सुलभ न्याय को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बताया था।

भाषा सुमित प्रशांत

प्रशांत