मादक पदार्थ के तस्कर और आतंकियों के गठजोड़ देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए चुनौती: सिन्हा

Ads

मादक पदार्थ के तस्कर और आतंकियों के गठजोड़ देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए चुनौती: सिन्हा

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 08:11 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 08:11 PM IST

श्रीनगर, तीन मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पाकिस्तान पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि ‘‘पड़ोसी’’ शत्रु ने केंद्र शासित प्रदेश में गली-नुक्कड़ों तक मादक पदार्थों का कारोबार फैला दिया है और यहां के युवाओं को निशाना बनाया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार और सुरक्षा बल ‘खतरनाक दुश्मन’ के मंसूबों को नाकाम कर देंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि मादक पदार्थों के तस्करों और आतंकवादियों के बीच का गठजोड़ देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक चुनौती बन गया है।

श्रीनगर में मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ पदयात्रा का नेतृत्व करने वाले सिन्हा ने कहा, ‘नार्को-आतंकियों ने हमारी सबसे मूल्यवान संपत्ति, हमारे युवाओं को निशाना बनाया है। हम एक खतरनाक दुश्मन (पाकिस्तान) का सामना कर रहे हैं, जिसने दुनिया में आतंकवाद को जन्म दिया है।’

‘नशा मुक्त जम्मू कश्मीर’ के लिए पदयात्रा में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सिन्हा ने कहा कि प्रशासन ने इस केंद्रशासित प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ युद्ध की घोषणा की है और यह युवाओं को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचाएगा।

उपराज्यपाल ने कहा कि हालांकि सरकार और पुलिस अपना काम कर रही है, लेकिन मादक पदार्थों के खिलाफ युद्ध में सबसे शक्तिशाली हथियार जनता का सहयोग है।

उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवादियों और मादक पदार्थों के तस्करों का देश की शांति, एकता और सुरक्षा को भंग करना ही एक लक्ष्य है। मादक पदार्थों के व्यापार से प्राप्त धन का उपयोग आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए किया जाता है। अब चुप रहने का समय समाप्त हो गया है।’

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश