एनआईए ने लाल किला विस्फोट मामले में पूरक आरोप पत्र दाखिल किया

Ads

एनआईए ने लाल किला विस्फोट मामले में पूरक आरोप पत्र दाखिल किया

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 06:15 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 06:15 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पिछले साल दिल्ली के लाल किला के पास कार बम विस्फोट में संलिप्त तीन और लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है, जिसमें एक फरार बाल रोग विशेषज्ञ भी शामिल है, जिसकी पहचान एक आतंकी मॉड्यूल के संस्थापक सदस्य के रूप में की गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एनआईए ने यहां पटियाला हाउस अदालत में दाखिल अपने पूरक आरोप पत्र में जमीर अहमद अहंगर, तुफैल अहमद भट और फरार मुजफ्फर अहमद उर्फ ​​फराज उर्फ ​​जफर को आरोपी के रूप में नामित किया है। ये सभी जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही इस मामले में आरोपित किए गए लोगों की संख्या 13 हो गई है, जिसमें मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी भी शामिल है, जो लाल किला के पास उस कार को चला रहा था जिसमें विस्फोट हुआ।

एनआईए के एक बयान के मुताबिक, मुजफ्फर अहमद की पहचान सह-आरोपी डॉ. अदील अहमद राठेर के बड़े भाई और ‘अंसार गजवत-उल-हिंद’ के संस्थापक सदस्य के तौर पर हुई है। यह संगठन अलकायदा से जुड़ा है।

एनआईए की जांच में पाया गया है कि सह-अभियुक्त उमर, मुजम्मिल, अदील और मुफ्ती इरफान के साथ मुजफ्फर लाल किला विस्फोट की साजिश रचने वालों में शामिल है। 10 नवंबर, 2025 को लाल किला के पास कार विस्फोट को अंजाम दिया गया, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी।

जांच एजेंसी ने बताया कि मुजफ्फर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया है और उसे ढूंढने व गिरफ़्तार करने की कोशिशें की जा रही हैं।

एनआईए की जांच के अनुसार, जमीर ने आतंकी मॉड्यूल के लिए हथियार, गोला-बारूद और नकदी पहुंचाने का काम किया था।

एजेंसी के मुताबिक, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े रहे तुफैल ने इस मॉड्यूल के लिए हथियार आपूर्ति की थी।

भाषा शफीक प्रशांत

प्रशांत