एनएलएफटी के उग्रवादियों ने तीन कामगारों को अगवा किया

Ads

एनएलएफटी के उग्रवादियों ने तीन कामगारों को अगवा किया

  •  
  • Publish Date - December 8, 2020 / 07:43 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:43 PM IST

अगरतला, आठ दिसंबर (भाषा) प्रतिबंधित संगठन नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) के संदिग्ध उग्रवादियों ने धलाई जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के नजदीक स्थित एक गांव से निर्माण कार्य में जुटे तीन कामगारों को अगवा कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ये कामगार जिले के गंगानगर पुलिस थाने के अंतर्गत मालदापारा गांव में एनबीसीसी की ओर से सीमा पर बाड़ लगाने का काम कर रहे थे।

अपहृत कामगारों की पहचान सुभाष भौमिक, सुबल देबनाथ और गणपति त्रिपुरा के तौर पर की गई है।

पुलिस ने बताया कि हथियारबंद उग्रवादियों का एक समूह सोमवार को निर्माण स्थल पर आया जो पड़ोसी देश के चटगांव हिल ट्रेक्ट्स की सीमा से लगा है और तीन कामगारों को अगवा कर बांग्लादेश ले गया।

अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक किशोर देबबर्मा पुलिस बल तथा त्रिपुरा स्टेट राइफल्स के जवानों को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे और इलाके में तलाश अभियान चलाया।

एक अन्य घटना में संदिग्ध एनएलएफटी उग्रवादियों ने उत्तर त्रिपुरा जिले में त्रिपुरा-मिजोरम सीमा पर स्थित एक गांव से एक व्यवसायी को अगवा कर डेढ़ लाख रूपये की फिरौती मांगी है।

भाषा

मानसी नरेश

नरेश