चंडीगढ़, 20 मई (भाषा) पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को इलेक्ट्रिक बस से यात्रा की, जबकि कई अधिकारियों ने कार्यस्थल पर आने-जाने के लिए साइकिल का इस्तेमाल किया। यह पहल केंद्र शासित प्रदेश द्वारा प्रथम ‘नो कार-डे’ (कार-मुक्त दिवस) के आयोजन के अवसर पर की गई।
पिछले सप्ताह, कटारिया ने केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारियों से ईंधन की खपत कम करने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के मद्देनजर हर बुधवार को कारों का इस्तेमाल करने से बचने के लिए कहा था।
उन्होंने अधिकारियों को साइकिल से कार्यालय आने या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। राज्यपाल की अपील के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने बुधवार को कर्मचारियों के आवागमन के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की।
कटारिया बाल्टाना में एक कार्यक्रम में इलेक्ट्रिक बस से पहुंचे और कहा, ‘‘मैंने कहा था कि केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारी हर बुधवार को अपनी कार का इस्तेमाल नहीं करेंगे, और आज पहला दिन है; यह एक प्रयोग है।’’
उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी आने-जाने के लिए हर बुधवार को कार का इस्तेमाल नहीं करेगा। राज्यपाल ने बताया कि वह स्वयं अपने कार्यालय पहुंचने के लिए इलेक्ट्रिक बस का इस्तेमाल करेंगे।
उन्होंने कहा कि सभी को ईंधन बचाने के प्रयास करने चाहिए।
कटारिया ने कहा कि अब छात्रों को भी सप्ताह में एक दिन स्कूल जाने के लिए साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए कहा जाएगा।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश