भुवनेश्वर, 19 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित नहीं होने पर रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी दलों को इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि उन्होंने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के आरक्षण को रोक दिया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद बांसुरी स्वराज के साथ मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं का मजबूत प्रतिनिधित्व नहीं चाहती।
माझी ने कहा, ‘‘जो लोग यह सोचते हैं कि हमने इसे अब रोक दिया है, वे गलत हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मोदी है तो मुमकिन है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी में दो प्रमुख महिला नेता हैं – सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा। लेकिन, पार्टी अभी भी राजनीति में अन्य महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान करने के खिलाफ है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।’’
उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाओं की है। उन्होंने कहा कि अगर यह विधेयक पारित हो जाता तो संसद में 272 महिला सांसद होतीं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस और उसके सहयोगी महिला आरक्षण संशोधन विधेयक का विरोध क्यों कर रहे हैं जबकि महिलाएं जीवन के सभी क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर चुकी हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारत की महिला शक्ति के वीरतापूर्ण कार्यों को पूरी दुनिया ने देखा है। अब समय आ गया है कि महिलाओं को उनके अधिकार और सम्मान दिया जाए।’’
माझी ने कहा कि कांग्रेस के अलावा, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और अन्य पार्टियां पहले से ही देशभर में महिलाओं के गुस्से का निशाना बन चुकी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें याद रखना चाहिए कि महिलाएं कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा की जा रही महिला विरोधी गतिविधियों को माफ नहीं करती हैं। नारी शक्ति सही समय पर कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देगी।’’
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने भी कांग्रेस और उसके सहयोगियों की आलोचना की।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (विपक्षी दलों) महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है, और कांग्रेस को निश्चित रूप से इसका दंड मिलेगा। महिलाएं अपने अपमान को नहीं भूली हैं और वे इसका मुंहतोड़ जवाब देंगी।’’
स्वराज ने दावा किया कि महिलाओं को 40 वर्षों तक उनके अधिकारों से वंचित रखा गया था और आरोप लगाया कि कांग्रेस के कारण इस बार भी उन्हें इस अधिकार से वंचित किया गया है।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश