वायनाड भूस्खलन के लिए जिम्मेदार कोई भी व्यक्ति जवाबदेही से नहीं बच सकता: केरल के मंत्री

Ads

वायनाड भूस्खलन के लिए जिम्मेदार कोई भी व्यक्ति जवाबदेही से नहीं बच सकता: केरल के मंत्री

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 04:04 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 04:04 PM IST

वायनाड (केरल), आठ जुलाई (भाषा) केरल के मंत्री टी. सिद्दीकी और ए.पी. अनिल कुमार ने बुधवार को कहा कि वायनाड में हुए भूस्खलन के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार कोई भी व्यक्ति जवाबदेही से बच नहीं सकेगा।

खोज और बचाव कार्यों की देखरेख के लिए वायनाड पहुंचे सिद्दीकी और अनिल कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि इस समय पूरा ध्यान घटना के बाद से लापता लोगों की तलाश करने पर है।

उन्होंने कहा कि कल्लाडी में मीनाक्षी पुल के पास सुरंग निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन के विभिन्न कारणों का पता लगाने के लिए एक वैज्ञानिक जांच की जानी बेहद जरूरी है।

मंत्रियों ने कहा कि इस घटना को लेकर अब तक उनकी राय केवल प्रारंभिक आकलन थे।

अनिल कुमार ने कहा, ‘‘लेकिन इस घटना के लिए जिम्मेदार कोई भी व्यक्ति अपनी जवाबदेही से बच नहीं पाएगा।’’

मंत्रिमंडल के उनके सहयोगी एवं लोक निर्माण विभाग के मंत्री पी के बशीर ने कहा कि एक विशेषज्ञ समिति भूस्खलन के कारणों की जांच करेगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के साथ चर्चा करके कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा इस परियोजना को बंद करने का कोई इरादा नहीं है। हम किसी को भी नुकसान पहुंचाए बिना इसे व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाना चाहते हैं।’’

वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ने वाली सुरंग के निर्माण स्थल पर सात जुलाई को हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। जान गंवाने वाले ये तीनों लोग प्रवासी मजदूर थे।

भाषा

सुमित खारी

खारी