(First AI Smartphone/ Image Credit: Screengrab)
First AI Smartphone: ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI अब स्मार्टफोन बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ऐसा AI फोन बना रही है जो Apple और Samsung जैसी बड़ी कंपनियों को कड़ी टक्कर दे सकता है। इस फोन की खासियत यह होगी कि इसमें यूजर्स को अलग-अलग ऐप्स खोलने की जरूरत कम होगी और अधिकतर काम AI एजेंट के जरिए पूरे किए जाएंगे। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह डिवाइ पूरी तरह AI-केंद्रित अनुभव देगा।
एनालिस्ट मिंग-ची कुओ ने X पोस्ट में जानकारी दी कि OpenAI इस AI एजेंट स्मार्टफोन के विकास को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उम्मीद है कि इसका बड़े पैमाने पर उत्पादन 2027 की पहली छमाही में शुरू हो सकता है। साथ ही अनुमान लगाया जा रहा है कि इस श्रेणी में कंपनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जहां सभी ज्यादा एडवांस AI फीचर्स देने की कोशिश करेंगे। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो 2027-28 तक इसकी बिक्री लाखों यूनिट्स में पहुंच सकती है।
लीक रिपोर्ट्स के अनुसार, OpenAI ने इस फोन के लिए MediaTek को मुख्य चिप सप्लायर के रूप में चुना है। जबकि पहले Qualcomm के साथ भी चर्चा हुई थी। इसमें Dimensity 9600 प्रोसेसर और 2nm-आधारित TSMC N2P नोड तकनीक का उपयोग हो सकता है। फोन में डुअल-NPU आर्किटेक्चर AI प्रोसेसिंग को तेज करेगा। इसके अलावा LPDDR6 रैम, UFS 5.0 स्टोरेज और बेहतर सुरक्षा के लिए pKVM जैसी तकनीक भी शामिल हो सकती है। ये सभी फीचर्स इसे एक हाई-एंड AI डिवाइस बना सकते हैं।
रिपोर्ट्स में बताया गया है कि OpenAI इस तरह का फोन इसलिए बना रही है क्योंकि मोबाइल डिवाइस में लोकेशन, एक्टिविटी, कम्युनिकेशन और कॉन्टेक्स्ट जैसी जानकारी आसानी से मिलती है। इससे AI एजेंट यूजर्स के लिए ज्यादा स्मार्ट और उपयोगी बन सकता है। कंपनी का प्लान हार्डवेयर के साथ सब्सक्रिप्शन मॉडल जोड़ने का भी है, जिससे एक पूरा AI इकोसिस्टम तैयार किया जा सके। इससे डेवलपर्स भी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ सकेंगे और नए AI एप्लिकेशन बना पाएंगे।