नोएडा (उप्र), 14 मार्च (भाषा) गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पिछले महीने नोएडा में हुए हिंसक श्रमिक प्रदर्शन से जुड़े एक आरोपी के निजी बैंक खाते में अन्य देशों से एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि आयी थी।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि आरोपी सत्यम वर्मा के बैंक खाते में डॉलर, पाउंड और यूरो के रूप में यह राशि आयी थी।
पुलिस ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर पुलिस आयुक्तालय के क्षेत्राधिकार में 13 अप्रैल को हुई हिंसक प्रदर्शनों और श्रमिक विरोध प्रदर्शनों के संबंध में दर्ज मामलों की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, शहर में 80 से अधिक स्थानों पर विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 40,000 से 45,000 श्रमिक एवं मजदूर एकत्र हो गए थे, जिससे अशांति और सामान्य आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई।
एक बयान में कहा गया है कि वर्मा ने आकृति नामक एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर श्रमिक आंदोलन के दौरान हिंसक विरोध प्रदर्शनों, आगजनी और सार्वजनिक व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने में ‘महत्वपूर्ण भूमिका’ निभाई।
पुलिस के अनुसार, वर्मा को हिमांशु ठाकुर के साथ 19 अप्रैल को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था। ये दोनों वामपंथी मजदूर अधिकार समूह ‘बिगुल मजदूर दस्ता’ के सक्रिय सदस्य हैं।
हालांकि, पुलिस ने उन देशों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जहां से कथित तौर पर धनराशि प्राप्त हुई थी तथा न ही जांच के दायरे में आने वाले संगठनों के बारे में कोई और विवरण प्रदान किया।
भाषा राजकुमार प्रशांत
प्रशांत