नोएडा, 11 मई (भाषा) थाना दादरी क्षेत्र में कोट पुल के पास सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सीमेंट से लदा एक ट्रक कोट पुल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि हादसे में ग्राम छोलस निवासी सचिन (22), पुत्र वेद प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं मनीषा
मनीषा