मथुरा (उप्र), 11 मई (भाषा) मथुरा जिले में उच्चतम न्यायालय के एक अधिवक्ता को बंधक बनाकर यातनाएं देने के आरोप में बरसाना नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष, उसकी पत्नी और बेटे समेत 44 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि उच्चतम न्यायालय में वकालत करने वाले बरसाना निवासी अधिवक्ता दिवाकर शर्मा को अगवा करके बरसाना नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष बलराज चौधरी के घर पर उनसे मारपीट की गई है।
उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शर्मा को मुक्त कराया और आरोपी बलराज चौधरी, उसकी पत्नी तथा पुत्र सहित कुल 44 लोगों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरु कर दी।
कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में लाठी-डण्डे बरामद किये हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में पता लगा है कि अधिवक्ता दिवाकर शर्मा का छाता मार्ग पर एक पेट्रोल पम्प है और उसके पीछे पूर्व चेयरमैन बलराज चौधरी का आवास है।
उन्होंने बताया कि पेट्रोल पम्प के बगल से ही आवास का रास्ता है और इसी रास्ते को लेकर अधिवक्ता एवं पूर्व पंचायत अध्यक्ष के बीच लंबे समय से विवाद है।
कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी और जो तथ्य सामने आएंगे उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं सलीम मनीषा
मनीषा