नोएडा, सात मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार देर रात एक फैक्टरी से काम कर घर लौट रहे दो युवकों की मोटरसाइकिल को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दूसरे व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार रात शेख आजम नाम के व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसका साला प्यारूद्दीन (छिजारसी) और उसका दोस्त अनिल कुमार नोएडा के सेक्टर 63 स्थित एक कंपनी से काम खत्म कर घर लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि जैसे ही ये दोनों सेक्टर 67 के पास पहुंचे तेज रफ्तार एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
अधिकारी ने बताया कि प्यारूद्दिन मिर्जा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा सं मनीषा जितेंद्र
जितेंद्र