नोएडा मजदूर प्रदर्शन: जिलाधिकारी नहीं मिलने का नहीं दिया समय, माकपा प्रतिनिधिमंडल धरने पर बैठा

Ads

नोएडा मजदूर प्रदर्शन: जिलाधिकारी नहीं मिलने का नहीं दिया समय, माकपा प्रतिनिधिमंडल धरने पर बैठा

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 07:25 PM IST

नोएडा, 17 अप्रैल (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्यसभा सदस्यों सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा में हुए मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के संबंध में यहां जिलाधिकारी द्वारा मिलने का समय नहीं दिये जाने को लेकर डीएम कार्यालय के बाहर शुक्रवार को धरना दिया।

इस प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सदस्य वी. शिवदासन व एए रहीम और पोलित ब्यूरो के सदस्य आर अरुण कुमार, महासचिव एमए बेबी, लोकसभा सदस्य अमरा राम सहित अन्य नेता शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि 13 अप्रैल को नोएडा में हुए मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन की सच्चाई जानने के लिए आए सदस्यों से जिलाधिकारी ने मुलाकात नहीं की और उन्हें विभिन्न कार्यालयों के बीच इधर-उधर भटकाया।

माकपा के राज्यसभा सदस्य डॉ. वी. शिवदासन ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल को पहले पुलिस लाइन और फिर सूरजपुर कलेक्ट्रेट भेज दिया गया लेकिन जिलाधिकारी से मुलाकात नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि अंततः जब प्रतिनिधिमंडल सेक्टर 27 स्थित कैंप कार्यालय पहुंचा, तो वहां भी कोई नहीं मिला, जिसके बाद वे धरने पर बैठ गए।

अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल से बात की लेकिन सदस्य जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे।

भाषा सं जितेंद्र

जितेंद्र