जम्मू, 30 मार्च (भाषा) कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली रेल संपर्क योजना के तहत उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने कटरा-बारामूला रेल लाइन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए लंबित कार्यों को समय पर पूरा करें। जनसंपर्क अधिकारी ने यहां जारी एक बयान में बताया कि जम्मू के संभागीय रेलवे प्रबंधक विवेक कुमार और अन्य वरिष्ठ संभागीय अधिकारियों के साथ पांडे ने रविवार को कटरा से श्रीनगर और सोमवार को बडगाम से बारामूला तक विस्तृत निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक ने परिचालन तत्परता का आकलन करने के लिए उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लाइन (यूएसबीआरएल) परियोजना का जायजा लिया।
पांडे ने विशेष रूप से क्षेत्र की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए मुख्य रूप से रेलवे ट्रैक, पुलों और सुरंगों की सुरक्षा संबंधी पहलुओं का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान सभी मंडल अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि वे सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करें और परिचालन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें।
बयान के मुताबिक, “यह निरीक्षण कश्मीर घाटी और शेष भारत के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल जून में जम्मू के कटरा से श्रीनगर तक वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था, जिसके साथ ही इस परियोजना की शुरुआत हुई थी।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश