जाजपुर, 19 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के जाजपुर जिले में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ छापेमारी कर रहे एक तहसीलदार-सह-कार्यकारी मजिस्ट्रेट को ट्रैक्टर से कुचलने के प्रयास में संलिप्तता के आरोप में लेकर में पुलिस ने रविवार को 10 लोगों को गिरफ्तार किया।
यह घटना शनिवार को जिले के कोरेई इलाके में हुई थी और घायल अधिकारी की पहचान व्यासनगर के तहसीलदार प्रशांत कुमार पांडा के रूप में हुई है।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अवैध गतिविधि में इस्तेमाल किए गए सात ट्रैक्टर और दो जेसीबी मशीन भी जब्त की हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और ओडिशा लघु खनिज रियायत (संशोधन) नियमों के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
जाजपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) यश प्रताप श्रीमाल ने बताया, “व्यास नगर के ड्यूटी पर तैनात तहसीलदार पर जानलेवा हमले में कथित संलिप्तता के आरोप में हमने दस लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आठ ड्राइवर शामिल हैं। हमने उनके विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। इसके अलावा, हमने सात ट्रैक्टर और दो जेसीबी मशीन जब्त की हैं, जिनका इस्तेमाल खनिजों के अवैध खनन में किया जाता था।”
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों को रविवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया और जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिलने पर पांडा के नेतृत्व में एक टीम ने शनिवार को कोरेई इलाके में छापा मारा था।
पुलिस ने बताया कि पांडा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें पहले कोरेई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कटक के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
भाषा अमित नरेश
नरेश