ओडिशा: ‘दुष्कर्म के प्रयास’ के आरोपी कांस्टेबल की पीटकर हत्या मामले में अपराध शाखा ने शुरू की जांच

Ads

ओडिशा: ‘दुष्कर्म के प्रयास’ के आरोपी कांस्टेबल की पीटकर हत्या मामले में अपराध शाखा ने शुरू की जांच

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 04:36 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 04:36 PM IST

भुवनेश्वर, 10 मई (भाषा) ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में सात मई को एक महिला से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोपी राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) कांस्टेबल की भीड़ द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के मामले की रविवार को जांच शुरू कर दी।

मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी द्वारा ओडिशा पुलिस को यह आदेश जारी करने के एक दिन बाद अपराध शाखा ने मामले को अपने हाथ में ले लिया।

इस घटनाक्रम में एक महिला के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है और मृतक (कांस्टेबल) के परिजन ने कथित महिला शिकायतकर्ता का ‘पॉलीग्राफ’ परीक्षण कराने की मांग की है।

अपराध शाखा ने कहा है कि मामले की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रत्नप्रभा सतपति को तैनात किया गया है।

अपराध शाखा ने एक बयान में कहा, ‘‘सार्वजनिक रूप से महिला से कथित यौन उत्पीड़न और उसके बाद भीड़ द्वारा कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वैन की हत्या के मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए ओडिशा के पुलिस महानिदेशक के आदेश पर अपराध शाखा ने जांच अपने हाथ में ले ली है।’’

बयान में कहा गया है कि अपराध शाखा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिरुद्ध राउत्रे जांच में स्पष्टता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मामले की निगरानी करेंगे।

अपराध शाखा के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बट्टुला गंगाधर ने बताया कि फिलहाल जांच के लिए घटनास्थल और थाने का दौरा करने के लिए आठ-आठ सदस्यों की दो टीम गठित की गई हैं।

डीआईजी ने कहा, ‘‘अधिकारी बलिआंता थाने के जांच अधिकारी से बात करेंगे और उस जगह का भी मुआयना करेंगे, जहां भीड़ ने उस व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हम सभी गवाहों, पीसीआर वैन कर्मियों, पुलिस अधिकारियों और संबंधित दस्तावेजों की जांच करेंगे।’’

गंगाधर ने बताया कि अपराध शाखा के अधिकारी अपराध में इस्तेमाल की गई वस्तुओं को भी जब्त करेंगे और स्वैन की मेडिकल रिपोर्ट भी प्राप्त करेंगे।

मुख्यमंत्री ने शनिवार शाम इस घटना की अपराध शाखा से जांच कराने के आदेश दिए।

पुलिस ने बताया कि 32-वर्षीय सौम्य की भीड़ द्वारा पीटकर हत्या करने में कथित संलिप्तता के लिए अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि भुवनेश्वर के बाहरी इलाका स्थित बलिआंता थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म के प्रयास करने के आरोप में लगभग 40 लोगों ने सौम्य पर हमला कर उनकी पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि ओम प्रकाश राउत नाम का एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश