पुरी, 24 जून (भाषा) ओडिशा के पुरी जिले में बुधवार को एक होटल मालिक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या किए जाने के कुछ घंटों बाद पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी होटल कर्मचारी गोलीबारी में घायल हो गया था और कटक के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
पुरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रतीक सिंह ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार तड़के तीन-चार लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर होटल के मालिक की चाकू मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान पुरी के बालियापांडा इलाके में स्थित होटल के मालिक पवित्र नायक के तौर पर हुई।
एसपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने इलाके का सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद मुख्य आरोपी की पहचान की।
सिंह ने कहा, “पुलिसकर्मियों की एक टीम ने जब उसका पीछा किया तो उसने उन पर गोली चलाई जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी के दौरान आरोपी घायल हो गया।”
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पैर में गोली लगी थी और उसे पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उसे कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पहुंचा दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम होटल मालिक की हत्या में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारी ने कहा, “अपराध का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि कमरा बुक करने को लेकर विवाद हुआ था।”
उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत