भुवनेश्वर, 18 जून (भाषा) भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी दयाल गंगवार को बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया गया। उन पर जीआरपी सिपाही सौम्य रंजन स्वैन के परिवार ने उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
पिछले महीने भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में भीड़ ने स्वैन की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी।
एक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गंगवार को निलंबित करने का आदेश दिया, जो गृह विभाग में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के तौर पर काम कर रहे थे।
स्वैन की हत्या की जांच के दौरान गंगवार का नाम सामने आया था। स्वैन की सात मई को बालियांटा पुलिस स्टेशन इलाके के भिंगारपुर-काजा में खंभे से बांधकर पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी थी।
पुलिस के मुताबिक, भीड़ का यह हमला तब हुआ जब एक महिला ने जवान पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया।
इस घटना से राज्य में हंगामा मचने के बीच स्वैन के परिवार ने आरोप लगाया कि गंगवार ने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया था। परिवार ने मांग की कि उन्हें भी जांच के दायरे में लाया जाए।
भाषा अविनाश शफीक
शफीक