संबलपुर, 19 मई (भाषा) ओडिशा के संबलपुर जिले में मंगलवार शाम को पुलिस के साथ हुई गोलीबारी में कई आपराधिक मामलों में वांछित एक व्यक्ति घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान बंटी सुना के रूप में हुई है, जो डकैती और लूटपाट समेत कई आपराधिक मामलों में शामिल एक अपराधी है।
संबलपुर जिले में ओडिशा पुलिस द्वारा दो दिनों के भीतर यह दूसरी ऐसी मुठभेड़ थी। रविवार को पुलिस के साथ हुई गोलीबारी में कई मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी महेश कुमार घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि संबलपुर और बलांगीर जिलों में सुना के नाम पर लगभग 16 मामले दर्ज हैं। उसे बाएं पैर में गोली लगी है और उसे तुरंत बुरला के एक चिकित्सा केंद्र में ले जाया गया है।
एक अधिकारी ने कहा, “मंगलवार शाम को पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि बंटी सुना चारमल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल के रास्ते सोनपुर से संबलपुर की ओर गांजा ले जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मोचीबहाल वन मार्ग के पास, उसके वाहन को रोका।”
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) शशांक शेखर बेहूरा ने बताया कि शाम करीब 5.40 बजे पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोका और उन्हें रुकने का इशारा किया। हालांकि, उसने तेज रफ्तार से वाहन भगाने की कोशिश की, जिसके दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। डीएसपी ने बताया कि इसके बाद वह वाहन से बाहर निकला और पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी।
बेहूरा ने संवाददाताओं को बताया, “बार-बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी के बावजूद, उसने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी जारी रखी। अपनी रक्षा करने और उसे काबू में करने के लिए, पुलिस ने नियंत्रित गोलीबारी की, जिसमें उसे गोली लगी।”
उन्होंने कहा कि पुलिस ने उसकी कार की तलाशी के दौरान गांजा और एटीएम कार्ड व नकदी से भरा पर्स जब्त किया। डीएसपी ने बताया कि चार्मल पुलिस थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा ही है।
पुलिस जांच में पता चला है कि सुना बौध-सोनपुर मार्ग पर गांजा की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह में सक्रिय था। आरोप है कि वह तस्करों के करीबी सहयोगी था और हथियारों के बदले गांजे की आपूर्ति करता था।
भाषा प्रशांत माधव
माधव