1.60 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं बदलेंगी दिल्ली की सूरत: रेखा गुप्ता

Ads

1.60 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं बदलेंगी दिल्ली की सूरत: रेखा गुप्ता

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 10:02 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि अगर केंद्र सरकार ने एक्सप्रेसवे और एलिवेटेड गलियारे का निर्माण नहीं किया होता तो आज दिल्ली में यातायात जाम की स्थिति की कल्पना करना भी कठिन होता।

गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के अंतिम चरण का निरीक्षण किया।

गुप्ता ने कहा, “अगर केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में एक्सप्रेसवे, एलिवेटेड गलियारे, टनल और सिग्नल-फ्री सड़क नेटवर्क का निर्माण नहीं हुआ होता तो आज दिल्ली में यातायात जाम की स्थिति की कल्पना करना भी कठिन होता।”

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि अब पूर्ण हो चुकी, निर्माणाधीन और आगामी योजनाओं को मिलाकर दिल्ली-एनसीआर में कुल रोड सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का दायरा लगभग 1.60 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक परियोजना राजधानी के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है।

उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और जेवर हवाई अड्डे के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राजधानी के लिए एक आधुनिक, विश्व स्तरीय और भविष्य के लिए तैयार बुनियादी ढांचा नेटवर्क बनाने की दिशा में काम कर रही है जिससे राजधानी को यातायात जाम और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं से राहत मिल रही है।

गडकरी ने दिल्ली से जुड़ी कई बड़े आगामी परियोजनाओं की घोषणा की। इनमें यूईआर-2 से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी के लिए 3500 करोड़ रुपये की छह-लेन परियोजना, नोएडा-फरीदाबाद हाई-स्पीड गलियारे के लिए 7500 करोड़ रुपये की परियोजना, दिल्ली-अमृतसर-कटरा कनेक्टिविटी परियोजना, शिवमूर्ति से नेल्सन मंडेला मार्ग तक 7000 करोड़ रुपये की टनल परियोजना और एम्स से महिपालपुर-गुरुग्राम तक 5000 करोड़ रुपये का एलिवेटेड गलियारा शामिल हैं।

गुप्ता ने कहा कि इन परियोजनाओं से राजधानी में यातायात दबाव कम होगा और दिल्ली की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार केवल सड़कें ही नहीं बना रही, बल्कि दिल्ली के पर्यावरण सुधार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के कूड़े के पहाड़ों से पृथक की गई अपशिष्ट एवं निष्क्रिय सामग्री का उपयोग सड़क और राजमार्ग निर्माण में किया जा रहा है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव