छत्रपति संभाजीनगर, 19 मई (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में मंगलवार सुबह एक झील में तैरते समय सरकारी अस्पताल में कार्यरत 60 वर्षीय एक चिकित्सक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि स्वामी रामानंद तीर्थ ग्रामीण सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत डॉ. अभिमन्यु तरकसे का शव सुबह करीब साढ़े सात बजे अंबाजोगाई की कलवटी टांडा झील में मिला।
अधिकारी ने कहा, ‘डॉ. तरकसे प्रतिदिन झील में तैरते थे; यह उनकी सुबह की दिनचर्या का हिस्सा था।’
उन्होंने बताया कि चिकित्सक के झील में उतरने के कुछ ही देर बाद, आसपास मौजूद अन्य लोगों ने उनका शव ‘वेस्ट वियर’ (झील से अतिरिक्त पानी निकासी स्थल) के पास उतराते हुए देखा।
अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
भाषा
सुमित दिलीप
दिलीप