भुवनेश्वर, तीन मई (भाषा) ओडिशा पुलिस ने रविवार को मल्कानगिरी जिले में एस्सार चौक के पास एक वाहन से करीब 800 लीटर रसायन बरामद किया है जिसका इस्तेमाल मादक पदार्थ ‘हशीश तेल’ बनाने में होता है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि वाहन से लगभग 50 किलोग्राम गांजा और दो लीटर हशीश तेल भी जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि वाहन का चालक भागने में सफल रहा।
अधिकारियों ने दावा किया कि तस्कर चित्रकोंडा इलाके में हशीश तेल बनाने की एक इकाई लगाने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की निगरानी के कारण वे ऐसा नहीं कर पाए।
एक अधिकारी ने बताया कि इसलिए, उन्होंने वाहन के अंदर ही एक प्रसंस्करण इकाई लगा ली थी, जिस पर पुलिस जांच से बचने के लिए एक फर्जी पंजीकरण संख्या वाली प्लेट लगी थी।
उन्होंने बताया कि हशीश तेल बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले लगभग 800 लीटर रसायनों के अलावा, वाहन से इसे बनाने वाले उपकरण भी जब्त किए गए।
मल्कानगिरी के पुलिस अधीक्षक विनोद पाटिल एच. ने बताया कि चालक और इस अवैध गतिविधि में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई हैं।
भाषा शुभम रंजन
रंजन