ओडिशा: दुष्कर्म मामले के आरोपी पुलिस निरिक्षक की तलाश में छापेमारी जारी

Ads

ओडिशा: दुष्कर्म मामले के आरोपी पुलिस निरिक्षक की तलाश में छापेमारी जारी

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 03:23 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 03:23 PM IST

भुवनेश्वर, 26 अगस्त (भाषा) ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने दुष्कर्म के मामले में आरोपी नयागढ़ जिले के एक थाने के पूर्व प्रभारी निरीक्षक की धर-पकड़ के लिए अभियान शुरू किया है। स्थानीय अदालत द्वारा आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए जाने के बाद यह तलाश अभियान शुरू किया गया।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सरनकुल थाने का पूर्व प्रभारी निरीक्षक और दुष्कर्म के मामले में आरोपी सुजीत कुमार दास पिछले कुछ समय से फरार है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एस के पंडा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ओडागांव अदालत ने सुजीत कुमार दास के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर पुलिस को उसे गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। हमने उसे पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।’’

जून में एक महिला ने सरनकुल थाने के आईआईसी के पद पर रहते हुए दास के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उसका तबादला नयागढ़ जिला मुख्यालय कर दिया गया और बाद में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने उसे निलंबित कर दिया।

पंडा ने बताया कि दास ने ओडिशा उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत हासिल कर ली थी, लेकिन अगस्त में पुलिस द्वारा पूर्व प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ ‘‘ठोस सबूत और गवाह’’ पेश किए जाने के बाद अदालत ने अंतरिम संरक्षण वापस ले लिया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हम उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।’’

भाषा

राखी संतोष

संतोष