ओडिशा: कंधमाल में सुरक्षाकर्मियों ने माओवादियों की तमंचा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया

Ads

ओडिशा: कंधमाल में सुरक्षाकर्मियों ने माओवादियों की तमंचा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 06:34 PM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 06:34 PM IST

फूलबाणी, 22 मार्च (भाषा) सुरक्षा बलों ने एक अभियान के दौरान ओडिशा के कंधमाल जिले में कथित तौर पर माओवादियों द्वारा संचालित तमंचा बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

बल्लीगुडा के उपसंभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) शुभम भोसले ने बताया कि जिले के बल्लीगुडा में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कर्मियों ने शनिवार को बामुनिगांव थाना क्षेत्र के पनास्पदर गांव में छापेमारी अभियान के दौरान इस फैक्टरी का पता लगाया।

पुलिस के अनुसार, बीएसएफ कर्मियों ने मौके से कुछ तैयार बंदूक, बैरल, कटर और बंदूक निर्माण के अन्य पुर्जे जब्त किए।

पुलिस ने बताया कि कंधमाल जिले के दरिंगबाड़ी, कोटागढ़, तुमूदीबांधा, बामुनिगम और अन्य थाना क्षेत्रों में पिछले सप्ताह से ही तलाशी अभियान तेज कर दिया गया था, ताकि केकेबीएन (कंधमाल-कालाहांडी-बौध-नयागढ़) समूह से जुड़े कट्टर माओवादी सुक्रू और उसके साथियों को पकड़ा जा सके।

पुलिस के मुताबिक, विशेष अभियान समूह (एसओजी), बीएसएफ, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और अन्य बलों के सुरक्षाकर्मियों को संगठित तरीके से माओवादी विरोधी अभियान में लगाया गया है, ताकि इस महीने के अंत तक माओवादियों का सफाया करने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप