उप्र : सागौन के पेड़ों की चोरी मामले में तीन लोग गिरफ्तार

Ads

उप्र : सागौन के पेड़ों की चोरी मामले में तीन लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 10:41 PM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 10:41 PM IST

संत कबीर नगर (उप्र), 22 मार्च (भाषा) संत कबीर नगर जिले में पुलिस ने सागौन के पेड़ों की चोरी करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान कृष्ण मोहन और घनश्याम प्रजापति व जितेंद्र पासवान के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब खलीलाबाद कोतवाली के अंतर्गत आने वाले गांव गनसेरपार के रहने वाले अब्दुल अलीम ने 19 मार्च को एक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि 10/11 मार्च की दरमियानी रात को उनके खेत और उनके पड़ोसी शमसुद्दीन के खेत से तीन सागौन के पेड़ चोरी हो गए हैं।

सिंह ने बताया कि जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपियों ने रात के समय पेड़ों की कटाई की और लकड़ी पिकअप वैन में लादकर ले गए।

उन्होंने बताया, ‘‘चोरी की गई सागौन की लकड़ी को बाद में देवरिया में एक आईटीआई कॉलेज के पास छिपा दिया गया था। मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम ने छापा मारा और चोरी किए गए पेड़ों के 12 लट्ठे बरामद किए।’’

पुलिस सूत्रों ने बताया कि चोरी में इस्तेमाल की गई एक पिकअप वैन, एक कार, एक आरी और कुछ रस्सियों को भी जब्त कर लिया गया है।

सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों का आपराधिक इतिहास रहा है। उनमें से एक घनश्याम प्रजापति के खिलाफ 2023 में देवरिया ज़िले में गैंगस्टर अधिनियम के तहत पहले भी मामला दर्ज किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा सं सलीम धीरज

धीरज