ओडिशा: ढेंकानाल में कपिलाश मंदिर के रास्ते में पर्यटक जोड़े को परेशान करने पर तीन लोग हिरासत में

Ads

ओडिशा: ढेंकानाल में कपिलाश मंदिर के रास्ते में पर्यटक जोड़े को परेशान करने पर तीन लोग हिरासत में

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 09:46 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 09:46 PM IST

भुवनेश्वर/ढेंकानाल, 22 सितंबर (भाषा) ओडिशा के ढेंकानाल जिले में प्रसिद्ध कपिलाश मंदिर जा रहे एक युवा पर्यटक जोड़े के साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को तीन लोगों को पकड़ा है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किए गए एक वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामला दर्ज किया और दो भाइयों सहित कुल तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

यह घटना 18 सितंबर को कपिलाश की पहाड़ियों पर स्थित मशहूर शिव मंदिर तक जाने वाली सड़क के एक सुनसान हिस्से पर हुई।

वीडियो में कुछ लोग मोटरसाइकिल सवार एक जोड़े को रोकते और पुरुष के साथ मारपीट करते हुए दिख रहे हैं, जबकि महिला मदद के लिए चिल्ला रही है।

‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं कर पाई है।

ढेंकानाल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव सोनकर ने ‘पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के संबंध में गोंदिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर अधेड़ उम्र के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

अधिकारी ने कहा कि उनके खिलाफ प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिलने के बाद की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यौन उत्पीड़न, अश्लील कृत्य या गीत, और स्वेच्छा से चोट पहुंचाने से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 18 सितंबर को जब वे मंदिर से लौट रहे थे, तब शराब के नशे में धुत आरोपियों ने उन्हें और उनके दोस्त को रोका, उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

हालांकि, स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उस समय मामला सुलझ गया था। लेकिन शिकायतकर्ता के मुताबिक, तीनों पुरुषों ने बाद में उन्हें फिर रोका और उनका वीडियो बना लिया।

यह वीडियो क्लिप अगले दिन सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई। जब शिकायतकर्ता को इस वीडियो के बारे में पता चला, तो उसने सोमवार को चौद्वार थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।

एसपी ने कहा, ‘चौद्वार थाने से गोंदिया थाने में ‘जीरो-एफआईआर’ प्राप्त होने के बाद मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई है।’

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश

ताजा खबर