ओडिशा: मवेशी तस्कर को गिरफ्तारी से बचने में ‘मदद करने’ पर दो पुलिसकर्मी निलंबित

Ads

ओडिशा: मवेशी तस्कर को गिरफ्तारी से बचने में ‘मदद करने’ पर दो पुलिसकर्मी निलंबित

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 09:20 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 09:20 PM IST

बारिपदा, पांच जुलाई (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज जिले में एक संदिग्ध मवेशी तस्कर को छापेमारी की गोपनीय जानकारी देने के आरोप में रविवार को दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया और एक होम गार्ड को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, पूर्वी क्षेत्र के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) के निर्देश पर 13 जून को झारपोखरिया थानाक्षेत्र में मवेशी तस्कर के खिलाफ छापेमारी की गई।

उन्होंने कहा कि इन तीन पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर मवेशी तस्करों को छापेमारी से पहले ही मौके से भागने में मदद की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार गोछायत ने कहा, ‘‘डीआईजी के निर्देश पर झारपोखरिया थाने के प्रभारी निरीक्षक ने विभागीय जांच की। जांच के नतीजों के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने उसी थाने के सहायक उपनिरीक्षक और एक आरक्षी को मवेशी तस्कर की मदद करने के आरोप में निलंबित कर दिया है।’’

उन्होंने कहा कि एक होम गार्ड को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है तथा उससे 30 दिनों के भीतर इस मामले में अपनी भूमिका के बारे में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।

बताया जाता है कि उसके पास थाने की गतिविधियों की जानकारी थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारी से उसे नौकरी से हटाने की सिफारिश की है।

इस बीच मयूरभंज पुलिस ने मवेशी तस्कर का पता लगाने एवं उसे गिरफ्तार करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश