भुवनेश्वर, 31 मई (भाषा) ओडिशा के खुर्दा जिले में भूमि विवाद के समाधान में हो रही ‘देरी’ के विरोध में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के आवास के पास रविवार को प्रदर्शन कर रहीं तीन महिलाओं में से दो ने जहर खाकर कथित तौर पर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीणा ने बताया कि यह घटना लोअर पीएमजी में प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल के पास हुई।
उन्होंने बताया, “तीन महिलाएं खुर्दा के बनपुर में भूमि विवाद के समाधान की मांग को लेकर निर्धारित स्थल पर विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। बनपुर से पुलिसकर्मियों को उन्हें उनके क्षेत्र में ले जाकर मामले को सुलझाने के लिए बुलाया गया था। बनपुर जाने से पहले, तीन महिलाओं में से दो सार्वजनिक शौचालय में गईं और वहां कथित रूप से जहर खा लिया।”
अधिकारी ने बताया कि दोनों महिलाओं को कैपिटल अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने बताया, “महिलाओं का पोटाश युक्त पानी से उपचार किया गया और उन्हें उल्टी करवाई गई। प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चला कि अब वे खतरे से बाहर हैं।”
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव