बदरपुर में खड़े ट्रक से टकराई कार, एक की मौत, तीन जख्मी

Ads

बदरपुर में खड़े ट्रक से टकराई कार, एक की मौत, तीन जख्मी

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 05:25 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 05:25 PM IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में बदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार देर रात एक कार के खड़े ट्रक से टकरा जाने से 25 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात करीब एक बजे दुर्घटना हुई। हादसे के वक्त दिल्ली पंजीकरण संख्या वाली कार फरीदाबाद की ओर से आ रही थी।

पुलिस ने बताया कि सुमित को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि तीन घायलों में से दो की पहचान इमरान (25) और फरीदाबाद के श्याम कॉलोनी निवासी सोमेंद्र नाथ (35) के रूप में हुई, जबकि तीसरे शख्स की पहचान अबतक नहीं हो सकी।

पुलिस ने बताया कि उनका एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज किया जा रहा है।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने कहा कि उसकी पहचान करने और उसका पता लगाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया, जो श्री राधेकृष्ण ट्रांसपोर्ट सर्विस के नाम पर फरीदाबाद में पंजीकृत है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में बदरपुर थाने को सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तस्वीरें लीं। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

नोमान दिलीप

दिलीप