पिथौरागढ़, 27 मई (भाषा) उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में एक व्यक्ति की तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गयी । पुलिस ने यह जानकारी दी ।
तीन दिनों के भीतर क्षेत्र में आकाशीय बिजली से हुई मौत की यह दूसरी घटना है।
धारचूला के पुलिस क्षेत्राधिकारी के एस रावत ने बताया कि मंगलवार को सुवा गांव में 48 वर्षीय राम सिंह घास के एक मैदान में अपनी भेड़ें चराने गए थे, उसी समय अचानक मौसम खराब हुआ और उन पर आकाशीय बिजली गिर गई ।
रावत ने बताया कि सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी ।
उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण मंगलवार को सिंह का शव धारचूला नहीं लाया जा सका जिसे लाने के लिए बुधवार को पुलिस टीम रवाना हुई ।
एक ऐसी ही अन्य घटना, रविवार को धारचूला के रापकिया घास के मैदान में हुई । धारचूला के तहसीलदार शेखर राणा ने बताया कि दारमा घाटी के खेत गांव के 35 वर्षीय तेज सिंह रापकिया घास के मैदान में भेड़े चराने गये थे और इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई ।
भाषा सं दीप्ति
राजकुमार
राजकुमार