ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नया नोटिस देने तैयारी में विपक्ष
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नया नोटिस देने तैयारी में विपक्ष
नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने का प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस लोकसभा अध्यक्ष एवं राज्यसभा के सभापति द्वारा अस्वीकार किए जाने के बाद अब एक नया नोटिस देने की योजना बना रहे हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि कई विपक्षी दलों के नेता बातचीत कर रहे हैं और कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सहित विभिन्न दलों के कम से कम पांच वरिष्ठ सांसद नये नोटिस का मसौदा तैयार करने पर काम कर रहे हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि नोटिस किस सदन में पेश किया जाएगा या क्या इसे पिछली बार की तरह दोनों सदनों में पेश किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के पारित नहीं होने से उत्साहित विपक्षी नेता नोटिस पर अधिक सांसदों के हस्ताक्षर सुरक्षित करने का लक्ष्य रख रहे हैं और कम से कम 200 सांसद जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
सूत्रों ने कहा, ‘हम एक बयान देना चाहते हैं। हमें पहले यह साबित करना होगा कि पिछली बार संख्या कम आंकी गई थी।’
अपने पहले के नोटिस में विपक्ष ने सीईसी कुमार पर ‘स्वतंत्रता और संवैधानिक निष्ठा बनाए रखने में विफलता’ और ‘कार्यपालिका के दबाव’ के तहत कार्य करने का आरोप लगाया था।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने नोटिस को अस्वीकार कर दिया था।
भाषा हक
पवनेश अमित
अमित

Facebook


