जयपुर, तीन जुलाई (भाषा) राजस्थान पुलिस ने राज्यव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत नियमों का पालन नहीं करने पर 18,477 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्यव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान दो जुलाई से शुरू किया।
यह अभियान 16 जुलाई तक चलेगा और इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों एवं अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के तहत चालक एवं सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य तथा ‘आईएसआई’ मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन जैसे संदेशों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिकाधिक लोग यातायात नियमों का पालन करें और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
इस विशेष अभियान के पहले दिन बृहस्पतिवार को राज्यभर में कुल 18,477 प्रवर्तन कार्रवाइयां की गईं। इनमें बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले 7104 चालकों, तेज गति से वाहन चलाने वाले 5133 चालकों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले 3082 वाहन चालकों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (6-लेन/एक्सप्रेस-वे) पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले 3158 वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार