हैदराबाद, तीन जुलाई (भाषा) हैदराबाद में 26 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर अपने दोस्त से वीडियो कॉल पर बात करते समय होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दो जुलाई तड़के लंगर हौज स्थित एक लॉज में क्लब डांसर रेनुका फारूक नामक व्यक्ति के साथ ठहरी थी।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों ने लॉज में शाम तक साथ समय बिताया और शराब पी। बाद में, फारूक किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चला गया। इसके बाद रेनुका ने अपनी सहेली सत्या और उसके भाई से फोन पर हंसी-खुशी बातचीत की।
उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान रेनुका ने अपनी मित्र से कहा कि वह मर जाएगी, लेकिन उसकी मित्र ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया।
पुलिस ने बताया कि बाद में रेनुका ने अपनी मित्र को वीडियो कॉल की और चादर की मदद से पंखे से फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
सत्या ने इस बारे में फारूक को जानकारी दी। इसके बाद फारूक ने होटल कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। फिर, होटल कर्मियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘फारूक और रेनुका की मुलाकात छह महीने पहले एक पब में हुई थी और इसके बाद दोनों अक्सर संबंधित लॉज में आया करते थे।’’
अधिकारियों के अनुसार, रेनुका की शादी हो चुकी थी, लेकिन वह अपने पति से अलग रह रही थी। उसका एक बेटा भी है। उसने कथित तौर पर शराब के नशे में आत्महत्या करने जैसा कदम उठाया।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल