चंडीगढ़, 12 जुलाई (भाषा) मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत पंजाब भर में दो दिनों तक आयोजित विशेष शिविरों के दौरान राज्य के 30 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा किए हैं। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनिंदिता मित्रा ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 11 और 12 जुलाई को सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक विशेष शिविर लगाए गए, जहां मतदाताओं ने अपने भरे हुए गणना प्रपत्र बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को सौंपे।
मित्रा ने कहा कि पिछले 18 दिनों में 1.30 करोड़ से ज़्यादा मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा किए हैं।
उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र घर-घर जाकर इकट्ठा करने का काम चल रहा है और यह 24 जुलाई तक जारी रहेगा।
सीईओ ने उन मतदाताओं से अपील की, जिन्होंने अभी तक अपने फॉर्म जमा नहीं किए हैं कि वे बिना किसी देरी के अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि तीन अगस्त को प्रकाशित होने वाली मसौदा मतदाता सूची में हर पात्र मतदाता का नाम शामिल करने के लिए गणना प्रपत्र समय पर जमा करना जरूरी है।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप