मिजोरम की सार्वभौमिक स्वास्थ्य योजना के तहत 3.2 लाख से अधिक परिवारों का पंजीकरण: अधिकारी

Ads

मिजोरम की सार्वभौमिक स्वास्थ्य योजना के तहत 3.2 लाख से अधिक परिवारों का पंजीकरण: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 08:07 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 08:07 PM IST

आइजोल, छह सितंबर (भाषा) मिजोरम सार्वभौमिक स्वास्थ्य योजना (एमयूएचसीएस) के दूसरे चरण के तहत 3.2 लाख से अधिक लाभार्थी परिवारों का पंजीकरण किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने 2025 से शुरू हुई इस योजना के पहले दो चरणों के तहत इलाज के बिल के भुगतान के लिए 271 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है।

उन्होंने बताया कि पंजीकृत 3.2 लाख परिवारों में से 48,091 सामान्य लाभार्थी, 35,325 सरकारी कर्मचारी, 11,928 पेंशनभोगी हैं। वहीं, 2,26,899 लाभार्थी केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के तहत आते हैं जिसे मिजोरम सार्वभौमिक स्वास्थ्य योजना (एमयूएचसीएस) के साथ जोड़ा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि एमयूएचसीएस 1.0 (2025-26) के तहत एक लाख से अधिक मरीजों का इलाज किया गया और सरकार ने इलाज के खर्च के लिए 171.57 करोड़ रुपये जारी किए।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान इस योजना के तहत इलाज के लिए लगभग 4,772 मरीजों को मिजोरम से बाहर रेफर किया गया।

एमयूएचसीएस 2.0 के तहत इस साल 24 अगस्त तक कम से कम 31,832 मरीजों का इलाज किया गया, जबकि इलाज के बिल के लिए 99.60 करोड़ रुपये जारी किए गए।

मुख्यमंत्री लालदुहोमा के नेतृत्व वाली जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) सरकार ने पिछले साल मार्च में एमयूएचसीएस 1.0 शुरू किया था। इसका मकसद सरकारी सुविधाओं के साथ-साथ राज्य के अंदर और बाहर मौजूद सूचीबद्ध निजी और चर्च-संचालित अस्पतालों में नकद रहित इलाज की सुविधा देना था।

मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने इस स्वास्थ्य योजना के दूसरे चरण की शुरुआत इस साल मार्च में की थी।

भाषा सुरभि सुरेश

सुरेश